
रिपोर्ट: शैलेन्द्र शर्मा
आज़मगढ़। विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन एवं टीमवर्क के विकास के उद्देश्य से सेंट जेवियर्स हाई स्कूल, एलवल, में इंटर हाउस खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि ए.आर.टी.ओ वी. डी. मिश्रा व विशिष्ट अतिथि ट्रैफिक इंस्पेक्टर संजय कुमार पाल की गरिमामयी उपस्थिति में प्रबंध निदेशक प्रशांत चंद्रा, आवासीय प्रबन्धक प्रद्युम्न जायसवाल एवं अनिरुद्ध जायसवाल, प्रधानाचार्य नीलेश श्रीवास्तव, उप-प्रधानाचार्य तरनी श्रीवास्तव तथा विद्यालय समन्वयक धीरेंद्र भारद्वाज एवं मोना सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।प्रतियोगिता में विद्यालय के विभिन्न हाउसों की टीमों ने अत्यंत उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना का परिचय देते हुए सहभागिता की। रोमांचक मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट समन्वय, तकनीकी दक्षता और प्रतिस्पर्धात्मक कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसमें येलो हाउस विजेता तथा ब्लू हाउस ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि ए.आर.टी.ओ वी. डी. मिश्रा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक सुदृढ़ता प्रदान करते हैं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं आत्मविश्वास का भी विकास करते हैं, जो जीवन में सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य नीलेश श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों, आयोजकों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को दिशा प्रदान करती हैं।उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि नियमित खेल अभ्यास से आत्मविश्वास के साथ-साथ शारीरिक सुदृढ़ता और मानसिक मजबूती का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अध्ययन के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय सहभागिता करें, क्योंकि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निर्माण होता है। उन्होंने आगे कहा कि जीवन की चुनौतियों का सामना उसी साहस और अनुशासन के साथ करना चाहिए, जैसा एक खिलाड़ी मैदान में करता है।प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
