नशे में बस चालक का कहर, महिला को रौंदा, मौके पर मौत, चालक हिरासत में

आजमगढ़ क्राइम

रिपोर्ट: पद्माकर पाठक

आजमगढ़। जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के कादीपुर दौलताबाद गांव में मंगलवार की शाम एक स्कूली बस की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने बस को घेर लिया।मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम करीब पांच बजे आदर्श पब्लिक स्कूल की बस बच्चों को घर छोड़ने के बाद वापस लौट रही थी। बस कादीपुर गांव की मुख्य सड़क से गुजर रही थी, तभी सड़क किनारे घर के बाहर बैठी 50 वर्षीय फिरती देवी को तेज रफ्तार बस ने रौंद दिया। टक्कर के बाद बस पास में रखे पशुओं के नाद से जा टकराई। इस हादसे में फिरती देवी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बस को घेर लिया और पुलिस को सूचना दे दी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बस चालक देवेंद्र कुमार खरवार उर्फ डब्बू नशे की हालत में था और बस की रफ्तार काफी तेज थी।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू की और चालक समेत बस को थाने ले गई। घटना के बाद से मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका फिरती देवी के पति लालचंद यादव मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके दो बेटे भी मजदूरी का काम करते हैं। चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि स्वजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *