
रिपोर्ट: पद्माकर पाठक
आजमगढ़। जिले के मेंहनगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ के प्राथमिक विद्यालय जाफरपुर में S.I.R. समीक्षा बैठक के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष और ग्राम प्रधान के बीच तीखी झड़प हो गई, देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। आपको बता दे की बैठक के दौरान वोटर लिस्ट से नाम कटने को लेकर चर्चा हो रही थी। भाजपा मंडल अध्यक्ष जय श्री चौहान ने बीएलओ (BLO) नरेंद्र सरोज पर आरोप लगाया कि उन्होंने घर-घर जाकर वोटर लिस्ट का सही तरीके से सत्यापन नहीं किया है। इसी बात को लेकर बहस शुरू हुई। बहस के दौरान वहां मौजूद ग्राम प्रधान बलराम चौहान और उनके समर्थकों का मंडल अध्यक्ष से विवाद हो गया। आरोप है कि प्रधान और उनके समर्थकों ने जय श्री चौहान पर जानलेवा हमला कर दिया। इस मारपीट में भाजपा मंडल अध्यक्ष का सिर फट गया और वे लहूलुहान हो गए। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर दी जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।
