
आजमगढ़। बीते दिनों मुबारकपुर थाना क्षेत्र के अमीलो में संपत्ति बंटवारे को लेकर पारिवारिक विवाद के दौरान ताहिर की मौत हो गई थीशनिवार की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अमीलों में घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक उस व्यक्ति ने रुकने की बजाय भागते हुए पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्यवाही में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लगने से गिर पड़ा।पुलिस ने घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।गिरफ्तार अभियुक्त सालिम मृतक ताहिर का भाई है। पुलिस ने इसके पास से एक तमंचा कारतूस व खोखा भी बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार अभियुक्त सालिम पर आरोप है कि 13 जनवरी की रात संपत्ति में हिस्सेदारी को लेकर परिजनों के साथ मिलकर अपने ही भाई और भाभी की लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बेरहमी से पिटाई की थी। गंभीर रूप से घायल मो. ताहिर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी शबाना का उपचार चल रहा है।मामले में बहन बहनोई के साथ हुई हिंसा में साले की तहरीर के आधार पर कुल आठ अभियुक्तों को नामजद किया गया था।
