
आज़मगढ़। अतरौलिया में राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना का द्वितीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर रहे।कार्यक्रम में पहुंचे ओमप्रकाश राजभर ने राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना के गठन, उद्देश्य एवं प्रशिक्षण की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना का प्रमुख उद्देश्य समाज के वंचित, शोषित एवं पिछड़े वर्गों को संगठित कर उन्हें सामाजिक न्याय, स्वाभिमान और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है। संगठन समाज में समानता, सम्मान और भागीदारी आधारित व्यवस्था के निर्माण हेतु निरंतर कार्य कर रहा है।संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना अपने उद्देश्यों के माध्यम से महाराजा सुहेलदेव राजभर की वीर गाथा, विचारधारा और संघर्ष को जन-जन तक पहुँचाने के लिए संकल्पित है, जिससे उनके आदर्शों पर आधारित राष्ट्रवादी एवं सामाजिक चेतना का व्यापक विस्तार हो सके। राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना का प्रमुख उद्देश्य हैं समाज में एकता, भाईचारा एवं संगठनात्मक मजबूती स्थापित कर भेदभाव और सामाजिक विभाजन का विरोध करना। अति पिछड़े, दलित, वंचित एवं कमजोर वर्गों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा एवं उनके लिए न्याय की निर्णायक लड़ाई लड़ना। युवाओं को संगठित कर नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए प्रेरित करना। शिक्षा, रोजगार, आरक्षण एवं समान अवसर जैसे मूलभूत विषयों पर व्यापक जनजागरण अभियान चलाना। अन्याय, अत्याचार, भ्रष्टाचार और शोषण के विरुद्ध लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक संघर्ष करना। राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक गौरव को सुदृढ़ करना। समाज सेवा के माध्यम से आपदा, संकट एवं सामाजिक समस्याओं में सक्रिय जनसहयोग प्रदान करना।राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना ने दोहराया कि संगठन का मूल संकल्प है संगठन, संघर्ष और सेवा के माध्यम से एक सशक्त, सम्मानित और न्यायपूर्ण समाज का निर्माण। संगठन ने समाज के सभी वर्गों से इस विचारधारा से जुड़कर सामाजिक परिवर्तन की इस मुहिम को और अधिक सशक्त बनाने की अपील की।
