
रिपोर्ट: बजरंगी विश्वकर्मा
आजमगढ़। जनपद के महाराजगंज विकासखंड सभागार में बुधवार को क्षेत्र पंचायत समिति महाराजगंज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पारसनाथ यादव ने की। बैठक में वित्तीय वर्ष की अंतिम तिमाही की कार्ययोजना की पुष्टि के साथ वर्ष 2025–26 की वार्षिक योजना का अनुमोदन किया गया।
बैठक में पिछले पांच वर्षों के विकास कार्यों की समीक्षा की गई तथा आगामी वित्तीय वर्ष की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सागर सिंह ने विकासखंड में संचालित विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए, ताकि आमजन को अधिकतम लाभ मिल सके।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत वर्ष 2021 से 2025 तक हुए आवास निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। वहीं मनरेगा योजना के तहत रोजगार सृजन और मजदूरी भुगतान की स्थिति पर भी चर्चा की गई। बैठक में सड़क एवं पेयजल व्यवस्था से जुड़े पूर्ण और अपूर्ण कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया गया तथा अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने पर जोर दिया गया।
प्रधान संघ के अध्यक्ष दीनानाथ मिश्र ने ब्लॉक प्रमुख के नेतृत्व में 83 ग्राम सभाओं में कराए गए विकास कार्यों की सराहना की। साथ ही ग्राम सभाओं को मिलने वाली सीमित वित्तीय सहायता का मुद्दा उठाते हुए ब्लॉक स्तर से अतिरिक्त सहयोग की मांग की, ताकि वंचित ग्राम सभाओं में भी विकास कार्य कराए जा सकें।
बैठक को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पारसनाथ यादव ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों से अपने-अपने क्षेत्रों में शेष रह गए विकास कार्यों की सूची उपलब्ध कराने का आग्रह किया और उन्हें पूर्ण कराने का आश्वासन दिया। वहीं बीडीओ सागर सिंह ने कहा कि वित्तीय वर्ष की अंतिम तिमाही में सभी विभाग कार्यों में तेजी लाएं, नियमित निरीक्षण करें और ग्रामीण क्षेत्रों में जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक के उपरांत ब्लॉक प्रमुख पारस यादव ने मीडिया से रूबरू होते हुए बताया कि आज विकासखंड मुख्यालय के सभागार में क्षेत्र पंचायत समिति महाराजगंज की बैठक आहूत की गई थी, जिसमें दो-तिहाई से अधिक क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि यह वर्तमान कार्यकाल की अंतिम बैठक थी, जिसमें क्षेत्र पंचायत सदस्यों से कार्ययोजना में सम्मिलित किए जाने हेतु प्रस्ताव मांगे गए। बैठक के दौरान सदस्यों द्वारा प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए, जिन्हें कार्ययोजना में सम्मिलित कर बजट के अनुरूप विकास कार्यों का निष्पादन शीघ्र कराया जाएगा।
बैठक में उपस्थित ग्राम प्रधानों और पंचायत प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव रखे और विभिन्न योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की मांग की। कार्यक्रम का संचालन आईएसबी महेंद्र यादव ने किया। बैठक का समापन विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के संकल्प के साथ हुआ।
इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महाराजगंज के अधीक्षक डॉ. योगेश कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी बृजेश कुमार श्रीवास्तव, जिला पंचायत सदस्य निरंजन कुमार, फौजदार यादव, सहायक विकास अधिकारी पंचायत मिथिलेश राय सहित समस्त सहायक विकास अधिकारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
