एम्बुलेंस से नकली शराब की तस्करी करने वाले दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम

रिपोर्ट: शैलेन्द्र शर्मा/ पद्माकर पाठक

आजमगढ़। थाना जहानागंज पुलिस ने समाज विरोधी गतिविधियों में संलिप्त एक गिरोह के दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध उत्तर प्रदेश गिरोह बन्द एवं समाज विरोधी क्रिया-कलाप निवारण अधिनियम, 1986 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त समाज सेवा में प्रयुक्त होने वाली एम्बुलेंस गाड़ी का दुरुपयोग कर उस पर अलग-अलग नंबर प्लेट लगाकर नकली शराब की आपूर्ति करते थे। यह कृत्य समाज हित के विपरीत एवं गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान वरुण कुमार साहनी पुत्र राम शोभित साहनी, निवासी बक्सामा, थाना गोरौल, जिला वैशाली (बिहार), उम्र लगभग 35 वर्ष तथा विभा देवी पत्नी स्वर्गीय उपेंद्र साहनी, निवासी केरमा, थाना कोहली, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार), उम्र लगभग 57 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि बीते 27 सितंबर को अभियुक्त हरियाणा से नकली शराब लेकर बिहार जा रहे थे। मुखबिर की सूचना पर थाना जहानागंज, स्वाट द्वितीय एवं सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के पास कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर नकली शराब बरामद की थी। इस संबंध में थाना जहानागंज पर आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। उक्त प्रकरण के आधार पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए अभियुक्तों को 1 जनवरी को दोपहर 12:15 बजे रामपुर-सठियांव तिराहा से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने अपना जुर्म स्वीकार किया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद दोनों अभियुक्तों को न्यायालय भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *